कैमूर पुलिस और पटना एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार को जीटी रोड पर स्थित जिले के समेकित चेकपोस्ट के पास वाहन जांच के दौरान एक बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने एक ब्रेजा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01HQ-8158) से 3700 कारतूस बरामद किए और दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया। 


बरामद कारतूस की यह खेप उत्तर प्रदेश के कानपुर से बिहार के नालंदा ले जाई जा रही थी।कैमूर जिले के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। 


इस दौरान एक सफेद ब्रेजा कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। पुलिस ने कार को घेरकर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए।गिरफ्तार सप्लायरों की पहचान शत्रुघन शर्मा (उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के गढ़ैया गांव) और कुमार अभिजीत (बिहार के नालंदा जिले के मोरा तालाब गांव) के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे कारतूस की खेप कानपुर से नालंदा ले जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि नालंदा के कुमार अभिजीत के पिता के खिलाफ पहले से इसी तरह का मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सप्लायरों से मिली जानकारी के आधार पर नालंदा में भी भारी मात्रा में गोलियां बरामद की गई हैं। मामले की जांच जारी है, और पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों का पता लगाने में जुटी है।